March 12, 2026

*भीषण गर्मी का प्रकोप, पारा 44 डिग्री के पार जनजीवन अस्त व्यस्त*

*बिधूना,औरैया।* जिले में पड़ रही झुलसाती गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। तापमान लगातार बढ़ते हुए 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। जिससे आम लोगों के लिए दिन में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी गर्मी से राहत की कोई संभावना नहीं जताई है। दोपहर के समय जिले के सभी कस्बों की सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। लोग आवश्यक कार्यों को भी टालने पर मजबूर हैं। सबसे अधिक परेशानी रोज खाने कमाने वाले दिहाड़ी मजदूरों को काम पर जाने के कारण हो रही है। गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों ने स्थिति और भी गंभीर बना दी है।गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है। सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से पीड़ित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार लोग विशेष रूप से प्रभावित हो रहे हैं जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वह अत्यधिक आवश्यक न हो तो धूप में बाहर निकलने से बचें। पानी और तरल पदार्थों का अधिक से अधिक सेवन करें, हल्के कपड़े पहनें और शरीर को ढक कर रखें। स्कूलों और संस्थानों को भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। भीषण गर्मी के इस दौर में सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव है। खुद को और अपने परिजनों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी उपाय अपनाएं। प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करें और किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लें।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *