July 26, 2026

इनरव्हील क्लब ऑफ मिर्ज़ापुर द्वारा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

✍️ वर्षा पाठक …….!

🟥 मीरजापुर/ इनरव्हील क्लब ऑफ मिर्ज़ापुर द्वारा रामकृष्ण सेवा आश्रम हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना था। इस शिविर में लगभग 550 मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, जाँच एवं दवाइयों का लाभ प्राप्त किया। शिविर में जनरल मेडिसिन, चर्म एवं गुप्त रोग, हृदय रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, हड्डी रोग, गुर्दा एवं मूत्र रोग, नेत्र रोग के विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ फिजियोथेरेपिस्ट ने भी अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। इस दौरान मरीजों की बीपी, शुगर, बीएमडी, हीमोग्लोबिन, प्रोस्टेट (PSA) तथा यूरोफ्लोमेट्री (पेशाब की धार की जाँच) सहित विभिन्न निःशुल्क जाँचें की गईं। आवश्यकतानुसार चिकित्सकों द्वारा मरीजों को निःशुल्क दवाइयाँ भी वितरित की गईं।क्लब की अध्यक्ष शुभा खंडेलवाल ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य उन जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना है, जो आर्थिक कारणों से समय पर अपना उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण नहीं करा पाते। उन्होंने कहा कि इनरव्हील क्लब समाज सेवा के ऐसे कार्य आगे भी निरंतर करता रहेगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।स्वास्थ्य शिविर के साथ क्लब द्वारा वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सदस्यों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल का संकल्प लिया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सके।इस अवसर पर जयश्री अग्रवाल, जया, प्रियंका, स्तुति, बीना, अंजू, मधु, अल्का, आरती, शालू, रिया, सरिता, साक्षी, दुर्गेश नंदिनी एवं सत्यंबदा सिंह सहित इनरव्हील क्लब ऑफ मिर्ज़ापुर की सदस्याएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में रामकृष्ण सेवा आश्रम हॉस्पिटल के चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मियों एवं समस्त इनरव्हील परिवार का सराहनीय सहयोग रहा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *