*कंचौसी, औरैया।* बारिश के मौसम में जल निकासी का इंतजाम न होने से गांव में जलभराव हो गया है। ऐसे में लोगों को बरसाती और गंदे पानी में घुसकर निकलना पड़ रहा है। इसकी वजह से परेशानी हो रही है। लोगों ने नाले व नालियों की सफाई कराए जाने की मांग की है।बीते तीन दिनों में रुक रुक कर हुई बारिश से ऐसे में जहां कस्बे की गलियों की नालियां चोक होने पर पानी भरा है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थिति खराब हो गई है। जलभराव की स्थिति बनी है। सहार ब्लॉक के ग्राम पंचायत ढीकियापुर के मजरा जोगी डेरा में लोग नाली निर्माण ना होने से गंदे पानी से निकलने को मजबूर है, यह किसी एक मजरे की गली की स्थिति नहीं है। इसी प्रकार आसपास की अन्य गलियों की भी स्थिति यही, जलभराव होने से मच्छर पनप रहे है जिससे ग्रामीणों में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।ग्रामीण चंचल नाथ, संजू नाथ, महेश नाथ, रफीक, विजय नाथ, राजेंद्र नाथ, नेहरू नाथ का कहना है कि समय से नाले व नालियों की सफाई नहीं कराई गई। बारिश होने पर जलभराव की स्थिति बन गई। गांव में लोगों को आने जाने में परेशानी हो रही है। जिसकी कई बार ग्राम प्रधान सहित ब्लॉक के उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई, ग्रामीणों ने कहा विकास खंड कार्यालय की ओर से सफाई कर्मचारियों को निर्देशित कर नाले व नालियों को खुलवाना चाहिए। इससे बारिश का पानी तत्काल गांव से बाहर निकल सके। इस संबंध में वीडियो सहार राजनरायन त्रिपाठी ने बताया जलभराव की जानकारी नहीं जो भी दोषी होगा उसके ऊपर कड़ी कारवाही की जाएगी, सफाई कर्मियों की टीम को भेजकर पूरे मजरे की सफाई करवाई जाएगी।