*राम राज्याभिषेक कथा के साथ संपन्न हुआ तीन दिवसीय मानस सम्मेलन*
*सब बिधि सबहिं समदि सुखु पावा,रघुपति राज्याभिषेक सुनावा*
*अजीतमल,औरैया।* बाबरपुर कस्बे की सब्जी मंडी में आयोजित तीन दिवसीय मानस सम्मेलन का समापन शनिवार की देर रात राम राज्याभिषेक की कथा के साथ हुआ। इस अवसर पर मानस वक्ताओं ने रामचरित मानस की चौपाइयों के माध्यम से जीवन को दिशा देने का संदेश दिया और विशेष रूप से युवाओं व महिलाओं को इसके आदर्शों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रामचरित मानस की प्रत्येक चौपाई जीवन में धारण करने योग्य है, जो व्यक्ति को शांति, संयम और सफलता की राह दिखाती है। ख्याति प्राप्त मानस वक्ता राजेश पाठक ने अपने प्रवचन में कहा कि रामचरितमानस में महिलाओं को समाज में सशक्त और पूजनीय स्थान दिया गया है-“नारी शक्ति पूज्य जग माही, शक्ति रूप सब जगत कहाही।”उन्होंने कहा कि जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवता निवास करते हैं और ऐसे परिवार सदैव सुख, समृद्धि और उन्नति की ओर अग्रसर रहते हैं।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश से पधारे सेवानिवृत्त अपर जिलाधिकारी राम प्रपन्न दास, सुश्री मालती जी, सुश्री पुष्पांजलि शुक्ला, राजेश बुधौलिया, योगेश्वर पांडे, रामप्रताप सिंह सेंगर सहित अन्य विद्वानों ने अपनी विशिष्ट शैली में मानस की व्याख्या कर समाज को एकता और सद्भाव का संदेश दिया। समापन अवसर पर समिति के अध्यक्ष डॉ. उमेश दीक्षित, डॉ. रामदर्शन कठेरिया, सतीश पांडे, राम अवतार गुप्ता, मुन्ना सिंह चौहान, रामचंद्र पोरवाल आदि ने सभी वक्ताओं को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। नगर के युवाओं पवन पोरवाल, राम अनुग्रह सेंगर, रामू पोरवाल, सत्य नारायण सक्सेना, अनिल कुमार, गजेंद्र महाराणा, संतोष पोरवाल, शैलेंद्र जैन, रीबू पोरवाल, सोमू पोरवाल, जितेंद्र जॉनी, श्याम जी आदि ने भी मानस समिति के पदाधिकारियों का सम्मान किया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में नादान वर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव पोरवाल, बृजेश पोरवाल, कन्हैया चौहान, शेष कुमार, लालजी पोरवाल, रवि गुप्ता, अंकुल मिश्रा, सभासद गुरदयाल, अमित गुप्ता, वेद प्रकाश आदि का सराहनीय सहयोग रहा।
