March 12, 2026

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की दर्दनाक मौत*

*सड़क किनारे झाड़ियाँ बनी हादसे का कारण*

*ग्रामीणों ने उठाई सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की मांग*

*अयाना,औरैया।* रविवार की सुबह अयाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में जालौन जनपद के जगम्मनपुर निवासी 50 वर्षीय शिवनरेश पुत्र भोगीलाल की मौत हो गई। हादसा अयाना थाना क्षेत्र के भीखेपुर-जुहीखा मार्ग पर सेंगनपुर गांव के पास स्थित अष्टभुजा मंदिर के निकट आर.पी.एस. स्कूल के पास हुआ। यहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, मृतक शिवनरेश हर वर्ष पंचनद मेले में खिलौनों की दुकान लगाते थे। रविवार सुबह वे दुकान का सामान लेने के लिए औरैया जा रहे थे। तभी रास्ते में तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अयाना थाना प्रभारी अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ है, वहां सड़क के दोनों ओर घनी झाड़ियाँ और पेड़ होने से सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। दृश्यता कम होने के कारण इस मोड़ पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों से सड़क किनारे झाड़ियाँ कटवाने और सुधार कार्य कराने की मांग की, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने कहा कि स्थानीय समाचार पत्रों ने भी इस समस्या को कई बार प्रमुखता से उठाया, परंतु विभागों ने ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण यह मार्ग अब दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बन चुका है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिवारजन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने और दुर्घटनास्थल पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *