*बाल दिवस पर बच्चों ने लगाए रचनात्मक स्टाल,दिखा उत्साह*
*अजीतमल,औरैया।* बाबरपुर स्थित एसिक्स पब्लिक स्कूल में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस “बाल दिवस” को उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के खेल मैदान में आयोजित ‘बाल मेला’ से हुई, जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य एन. के. मिश्रा ने चाचा नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने नेहरू जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नेहरू जी का जन्म 14 नवंबर 1889, इलाहाबाद में हुआ था। वे स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री बने तथा उनका निधन 27 मई 1964 को हुआ। उन्होंने कहा कि नेहरू जी बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे, इस लिए उनका जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।प्रधानाचार्य जी ने फीता काटकर बाल मेले का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों से सामान खरीदकर उनका उत्साह बढ़ाया। मेले में बच्चों ने खानपान, खेल, कला-कृतियों सहित कई आकर्षक स्टाल लगाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। बच्चे खरीदारी और बिक्री में इतने मग्न थे कि पूरा परिसर उल्लास से गूंज उठा।
मेले में बच्चों का जोश और उमंग देखने लायक थी। सभी बच्चे चेहरे पर मुस्कान लिए मेले का आनंद उठाते नजर आए। कार्यक्रम में कपिल, राजीव, अंश, शिफा, रिचा, शुभी, अजिता, प्रिया, कंचन, कशिश, अजीत, शिवानी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
