March 12, 2026

*चाय पीते ही बेहोश हुए ट्रक चालक और युवक, जहरखुरानी की आशंका*

*अनंतराम टोल प्लाजा के पास होटल पर हुई घटना*

*अजीतमल,औरैया।* जहरखुरानी की आशंका को लेकर गुरुवार देर शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अजीतमल थाना क्षेत्र के अनंतराम टोल प्लाजा के निकट स्थित एक होटल पर चाय पीते ही ट्रक चालक और एक युवक अचानक बेहोश हो गए। दोनों को गंभीर हालत में एंबुलेंस की मदद से सीएचसी अजीतमल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घायल युवक की पहचान सत्यम (20) पुत्र सत्य प्रकाश निवासी तराई, फफूंद, औरैया के रूप में हुई है, जो दो माह पूर्व नौकरी करने के लिए बल्लभगढ़ गया था। मंगलवार की शाम उसने फोन कर घर आने की सूचना दी थी। सत्यम बल्लभगढ़ से एक ट्रक में सवार होकर आ रहा था। ट्रक में कुल पांच सवारियां तथा चालक और परिचालक मौजूद थे। इनमें से दो सवारियां फर्रुखाबाद की थीं, जो इटावा में उतर गईं। इसके बाद ट्रक में चालक, सत्यम और तीन अन्य अज्ञात सवारियां ही रह गईं।अनंतराम टोल प्लाजा के समीप एक होटल पर रुके जब एक सवारी ने चाय बनवाई। चालक रघुवीर पुत्र राम बाबू निवासी आगरा और सत्यम ने वही चाय पी। चाय पीने के कुछ ही देर बाद, लालपुर तक पहुंचते-पहुंचते दोनों की हालत बिगड़ गई और वे अर्धबेहोशी की स्थिति में जाने लगे। आनन-फानन चालक ने ट्रक को किनारे रोका, इसी दौरान ट्रक में मौजूद दो अज्ञात सवारियां मौके से फरार हो गईं। घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को सीएचसी अजीतमल भेजा। चिकित्सकों ने हालात गंभीर देखते हुए तत्काल उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। ट्रक चालक रघुवीर ने बताया कि वह ट्रक लेकर कानपुर जा रहा था। मामले में जहरखुरानी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर फरार सवारियों की तलाश शुरू कर दी है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *