March 12, 2026

*लूट की झूठी सूचना देना युवक को पड़ा भारी,पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज*

*अजीतमल,औरैया।* लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस ने शिकायतकर्ता के खिलाफ झूठी सूचना देने का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है। घटना अटसू चौकी क्षेत्र के बंबा पर बुधवार की सुबह हुई।
जानकारी के अनुसार, दयानगर बीसलपुर निवासी अभिषेक (19) पुत्र कैलाश नायक सुबह व्यापार के लिए मोटरसाइकिल से घर से निकला था। गांव के बंबा पर पहुंचते ही दो बाइक सवार युवकों ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। अभिषेक ने 112 नंबर पर सूचना देते हुए आरोप लगाया कि युवकों ने उसके साथ मारपीट कर 50,000 रुपये और मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने दोपहर बाद मोटरसाइकिल नंबर के आधार पर मारपीट करने वाले युवकों की पहचान कर उन्हें थाने लाकर पूछताछ की। स्थानीय भट्ठा मजदूरों से मिली जानकारी और पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि मामला आपसी टक्कर के बाद हुई मारपीट का था। लूट की कोई घटना नहीं हुई थी। पुलिस ने मारपीट करने वाले आरोपी अभिषेक पुत्र रामपाल निवासी सेंगनपुर और शिवा पुत्र राजेश निवासी सिद्धार्थ नगर बाबरपुर के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की है। वहीं लूट की झूठी सूचना देने पर अटसू चौकी प्रभारी रामपुत्र सिंह की तहरीर पर अभिषेक पुत्र कैलाश निवासी दयानगर बीसलपुर के खिलाफ बीएनएस की धारा 212 में मुकदमा दर्ज किया गया है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *