June 20, 2026

नहरों की सफाई की मांग को लेकर चौकियां ब्रांच नहर टेल के किसानों का प्रदर्शन

✍️ वर्षा पाठक …………!

🔺मीरजापुर/ चौकियां – 20जून 2026 को चौकियां ब्रांच नहर के टेल के किसानों द्वारा ग्राम-भभौरा के सामने भाईपुर-डवक नहर मार्ग पर अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया।प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों,किसानों का कहना है कि विकास खंड-जमालपुर,मीरजापुर क्षेत्र में पिछले साल आये भीषण बाढ़ में नहरों,नालों के तटबंध कई जगह से टूट कर बह गए,भाईपुर-डवक सड़क मार्ग भी ग्राम-भभौरा के सामने कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गया,लेकिन शासन द्वारा अभी तक न सड़क ही बनाया गया और न ही टूटे तटबंध ही बांधे गए।बाढ़ गुजरने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों पर राहगीरों को आने-जाने में हो रही असुविधा को ध्यान में रखते हुए अन्न दाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह द्वारा स्थानीय लोगों के सहयोग से सड़क पर अपने हाथ से ही पहाड़ी मिट्टी डालकर आवागमन सुचारू किया गया।मुर्दहवा नाले में आधा दर्जन जगह टूटे तटबंध को किसानों द्वारा दो-तीन जगह आंशिक रूप से मरम्मत कराया गया है,बाकी अन्य तीन-चार जगहों पर टूटा तटबंध अभी भी वैसे का वैसे ही पड़ा हुआ है।बता दें कि इस समय भभौरा के सामने नहर की तलहटी में झाड़-झंखाड,जलकुंभी आदि कूड़ा-कचरा भरा पड़ा हुआ है,बार-बार कहने के बावजूद भी सड़क विभाग,सिंचाई विभाग द्वारा ग्रामीणों के इस उचित मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।बरसात का मौसम भी सर पर आ चुका है,यदि नहरों की सफाई,नालों के तटबंध का मरम्मत,जर्जर सड़कों का निर्माण तत्काल समय से नहीं कराया गया तों आने वाला समय इस क्षेत्र के लिए अभिशाप बन जाएगा।पिछले कई वर्षों से इस क्षेत्र में नहरों,नालों की सफाई सही ढंग से नहीं होने के कारण जरूरत के समय नहरों,नालों में पानी नहीं आ पाता है और बिना जरूरत के पानी यदि आ भी गया तो समय से निकल नही पाता है,जो बाढ़ और सूखे का कारण बनता है।शासन के उपेक्षात्मक रवैए और संबंधित विभाग की घोर लापरवाही के कारण मजबूरन आज ग्रामीणों को सड़क पर आकर प्रदर्शन करना पड़ा। प्रदर्शन करने वालों में अन्न दाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह सहित राहुल सिंह,परमानन्द,बलीराम,अभिषेक सिंह,बिजेंद्र,अजय,देवासिंह,लक्ष्मण,पप्पू,कलीम सिद्दीकी,बच्चालाल,राजनाथ,रजिन्दर,राजेश,रामबाबू,संदीप आदि लोग मौजूद रहे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *