शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल की छात्राओं ने डीएम को बांधी राखी*
*औरैया।* रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक के-12 स्कूल की छात्राओं ने ककोर मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी को राखी बांधी और स्नेह, सम्मान व आदर का भावपूर्ण परिचय दिया। छात्राओं ने इस अवसर पर डीएम को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके निरंतर सहयोग और प्रेरणादायक मार्गदर्शन के लिए कृतज्ञता प्रकट की। जिलाधिकारी ने भी बच्चों को स्नेहाशीष प्रदान करते हुए उनकी एकता, अनुशासन और समाज सेवा की भावना की सराहना की। उन्होंने छात्रों को निस्वार्थ सेवा, संस्कार और शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।यह आयोजन छात्रों के लिए न केवल एक भावनात्मक और प्रेरक अनुभव रहा, बल्कि यह शिक्षा, सेवा और संस्कृति के मूल्यों की गहराई को भी उजागर करता है। छात्राओं ने समाज के प्रति उत्तरदायित्व को समझा और नेतृत्व से संवाद स्थापित करने का अवसर प्राप्त किया। विद्यालय परिसर में रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।रक्षाबंधन के अवसर पर विद्यालय में राखी मेकिंग, थाली सजावट और तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। छात्राओं ने अत्यंत रचनात्मकता और उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रस्तुत कृतियों के आधार पर प्रधानाचार्य अंजनी सिंह एवं उप प्रधानाचार्य आदित्य चौधरी द्वारा प्रतिभागियों को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान से सम्मानित किया गया। कक्षावार प्रथम स्थान प्राप्त करने कक्षा 3 की स्वास्तिका सिंह, कक्षा 4 की जानवी, कक्षा की आराध्या पुरवार, कक्षा 6 की वैष्णवी पांडे, कक्षा 7 की सौम्या पाठक, कक्षा 8 की लक्ष्मी, कक्षा 11 की रोली, इशी, सन्ज्योती एवं रितिका रही। विद्यालय के प्रबंधक देवेंद्र गुप्ता, प्रधानाचार्य अंजनी सिंह तथा उप प्रधानाचार्य आदित्य चौधरी ने सभी विजेता छात्राओं को बधाई दी और उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय भागीदारी और रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए प्रेरित किया।
