*नकली सोना बेचने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, सात आरोपी गिरफ्तार*
*925 ग्राम नकली सोने के दाने, मोबाइल, एम्प्लीफायर और नकदी बरामद*
*औरैया।* थाना कोतवाली औरैया पुलिस ने नकली सोना बेचकर धोखाधड़ी करने और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले सात सदस्यीय गिरोह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से नकली सोने के दाने, नकद रुपए, मोबाइल फोन और एम्प्लीफायर सहित चोरी गया सारा सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना कोतवाली पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर जालौन चौराहा स्थित साईं मंदिर के पास से सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनमें चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। इनके पास से एक मोबाइल फोन (कीपेड मोटरोला), दो एम्प्लीफायर, 5000 रुपये नकद और लगभग 925 ग्राम नकली सोने के दाने बरामद हुए। वादी सत्यजीत पुत्र स्व. हरिशंकर ने थाना कोतवाली औरैया में तहरीर दी थी कि 8 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे उनकी दुकान बैसनवी टूल्स, खानपुर पर सात लोग पहुंचे और बताया कि उन्हें रेल से लगभग एक किलो सोना मिला है जिसे वे सस्ते दामों में बेचना चाहते हैं। वादी ने सोने के दाने सुनार से जांच कराए तो वे नकली निकले। इसी दौरान आरोपी वादी की दुकान से दो एम्प्लीफायर, एक मोबाइल फोन और 5000 रुपये लेकर फरार हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 739/2025 धारा 318(4), 303(2), 317(2) बीएनएस में पंजीकृत कर त्वरित कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के सभी सात सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दुखिया नायक, प्रताप सोधी, राजू, माइकल शिवा, मीणा, सरसा और दुर्गा प्रधान के रूप में हुई है, जो सभी उड़ीसा के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में यह गिरोह विभिन्न जिलों में घूम-घूमकर नकली सोना बेचकर लोगों से ठगी करता था। थाना प्रभारी कोतवाली राजकुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता की सराहना की है और नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
