*ट्रैक दुरुस्तीकरण कार्य के चलते तीन दिन कंचौसी रेलवे क्रासिंग बंद,पहले दिन काशन पर निकली ट्रेनें*
*कंचौसी,औरैया।* ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग को गुरुवार से शनिवार रात्रि तक के लिए बंद किया गया है। पहले दिन ही वाहन सवारों को परेशान होना पड़ा। सुबह आठ बजे के बाद स्लीपर के साथ पटरियों पर कार्यों को शुरू कराया गया। रेल पथ विभाग की टीम ने तकरीबन 500 मीटर तक का ट्रैक दुरुस्त कराया। दिन ढलने के बाद तक काम होता रहा। इसका असर ट्रेनों की गति पर देखने को मिला। वंदे भारत, राजधानी एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, बनारस दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस, हावड़ा जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, नेता जी एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस सहित कई सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनें तीस से काशन से गुजरी। वही क्रॉसिंग बंद रहने से तकरीबन 10 किमी चक्कर काटने को वाहन सवार लोग मजबूर हुए।कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग से कानपुर देहात जनपद के रसूलाबाद और औरैया की ओर लोग आते जाते हैं। बड़े वाहनों का दबाव ज्यादा है। रेल पथ विभाग की ओर से इस क्रॉसिंग की लाइनों को और ज्यादा मजबूती देने का कार्य गुरुवार से शुरू कराया गया है। क्रॉसिंग बंद होने की जानकारी के बाद वाहन से निकलने वाले लोगों को झींझक, परजनी, बिझाई, दिबियापुर या फिर रानेपुर अंडरपाथ से निकलना पड़ा। तीन से 10 किमी तक का यह सफर रहा। जिससे वाहन सवार परेशान रहे। कुछ वाहन सवार जानकारी ना होने से वापस लौट गए। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने बताया रेलवे ट्रैक दुरुस्तीकरण का कार्य किया जा रहा, नोटिस बोर्ड पहले ही लगा दिया गया था जिससे वाहन सवारों को जानकारी मिल सकें।
