March 12, 2026

*अधिकारियों की उदासीनता से शासन की पात्र गृहस्थी योजना को लग रहा पलीता*

*लग्जरी कारों, एसी व करोड़ों के मकान, दुकान, जमीन वाले तमाम धन्नासेठ ले रहे मुफ्त राशन*

*राशन योजना का लाभ उठा रहे धन्नासेठों की सूची सार्वजनिक भवनों पर हो अंकित*

*बिधूना,औरैया।* कहने को तो सरकार द्वारा पात्र गृहस्थी मुफ्त राशन योजना गरीबों के लिए चलाई जा रही है लेकिन बिधूना तहसील क्षेत्र में शासन की इस पात्र गृहस्थी मुफ्त राशन योजना का अधिकांश लाभ लग्जरी कारों, एसी व करोड़ों के मकान, दुकान, जमीन वाले धन्नासेठ सरेआम उठाते नजर आ रहे हैं। यह धन्नासेठ संबंधित अधिकारियों की सांठगांठ से अपने नाम राशन कार्ड बनवाने में कामयाब हो गए हैं जिससे सरकार की पात्र गृहस्थी मुफ्त राशन योजना को पलीता लगता नजर आ रहा है। तमाम शिकायतों के बावजूद भी अपात्रों के राशन कार्ड निरस्त नहीं किए जा रहे हैं जिससे क्षेत्र में पात्र गृहस्थी मुफ्त राशन योजना मखौल बनी साबित हो रही है। क्षेत्र के बुद्धिजीवियों ने पात्र गृहस्थी राशन योजना का लाभ उठा रहे धन्नासेठों के नामों की सूची संबंधित गांवों कस्बों के सार्वजनिक भवनों की दीवारों पर अंकित कराए जाने की मांग शासन से की है। . भले ही शासन द्वारा गरीबों के लिए पात्र गृहस्थी मुफ्त राशन योजना चलाई जा रही है, लेकिन जमीनी धरातल पर देखने में आ रहा है कि बिधूना तहसील क्षेत्र के अधिकांश तथाकथित लग्जरी कारों, एसी, करोड़ों के मकान दुकान व भूमि वाले धन्ना सेठ संबंधित अधिकारियों कर्मचारियों की सांठगांठ से अपने परिवारीजनों के नाम राशन कार्ड हासिल कर सरेआम गरीबों के हक पर डांका डालते हुए पात्र गृहस्थी मुफ्त राशन योजना का लाभ उठाते नजर आ रहे हैं। जनचर्चा तो हम यह है कि राशन कार्ड से संबंधित सूचियों में तमाम ऐसे नाम भी दर्ज हैं जो आयकर रिटर्न भी भरते हैं। सबसे गौरतलब और दिलचस्प बात तो यह है कि यह धन्नासेठ सरकारी मुफ्त राशन तो अपनी लग्जरी गाड़ियों में भरकर प्रतिमाह डीलर के यहां से ले आते हैं लेकिन बाद में यह राशन या तो बेंच देते हैं या उनके पशु खाते हैं। . अपात्रों द्वारा पात्र गृहस्थी मुफ्त राशन योजना का लाभ उठाए जाने के संबंध में क्षेत्रीय जागरूक लोगों द्वारा कई बार शिकायतें की जा चुकी है किंतु संबंधित अधिकारियों की उदासीनता के चलते किसी के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है जिससे सरकार की इस पात्र गृहस्थी मुफ्त राशन योजना को सरेआम पलीता लगता नजर आ रहा है। क्षेत्रीय जागरूक लोगों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व जिलाधिकारी को भेजे शिकायती पत्रों में जल्द धन्नासेठों द्वारा पात्र गृहस्थी मुफ्त राशन योजना का लाभ उठाए जाने के मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्यवाही किए जाने की मांग की है साथ ही बुद्धिजीवियों ने शासन से पात्र गृहस्थी राशन योजना का लाभ ले रहे धन्नासेठों के नामों की सूची जल्द संबंधित गांव व कस्बों के सार्वजनिक भवनों पर अंकित कराए जाने की भी मांग की है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *