*कार्य प्रणाली में शिथिलता बरतने वालों का स्पष्टीकरण किया जाए जारी*
*लक्ष्य के सापेक्ष सभी संबंधित वादों का करें निस्तारण*
*पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संबंधित अधिकारी भ्रमणशील रहकर करें चौकसी*
*औरैया 11 नवम्बर।* जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जूम मीटिंग के दौरान कार्यों/ योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों द्वारा विभागीय कार्यक्रमों/योजनाओं में रुचि न लेते हुए शिथिलता पूर्वक कार्यवाही करने के कारण शासन की मंशानुरूप संपादन न होने पर प्रगति में गिरावट को दृष्टिगत रखते हुए कहा कि बार-बार आगाह किए जाने के उपरांत भी जिनके द्वारा अपनी कार्य प्रणाली में सुधार नहीं लाया जा रहा है उनका स्पष्टीकरण जारी किया जाए और संतोषजनक पक्ष प्रस्तुत न करने पर शासन को अवगत कराया जाए। उन्होंने सी श्रेणी में रहने वाले विभागों के संबंधित विभागाध्यक्षों तथा विकासखंड स्तर पर सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत लंबित आवेदन पत्रों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वालों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण तथा डुप्लीकेट मतदाता कार्यक्रम को पारदर्शिता के साथ शीघ्रता पूर्वक पूर्ण करते हुए अपलोड कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उक्त कार्यक्रम समयबद्ध रूप से प्रत्येक दशा में पूर्ण किए जाएं इसमें किसी प्रकार की शिथिलता अनियमितता क्षम्य नहीं होगी। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नगरीय क्षेत्रों में साफ- सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद/ नगर पंचायत को निर्देशित किया कि शासन द्वारा प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुरूप नगरीय क्षेत्रों में साफ- सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे कहीं भी गंदगी आदि न रहे। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद औरैया को निर्देश दिए कि बार-बार अवगत कराए जाने के उपरांत भी जालौन रोड के किनारो पर कूड़ा आदि डाला जा रहा है जिससे गंदगी फैलती है इसका तत्काल संज्ञान लेते हुए रोका जाए अन्यथा की स्थिति में आपकी लापरवाही मानते हुए कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर तैनात उप जिलाधिकारियों सहित राजस्व संबंधी अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिए गए लक्ष्य के सापेक्ष वादों का निस्तारण सुनिश्चित करें इसके लिए लंबित वादों को सूचीबद्ध किया जाए जिससे कोई भी पुराना वाद निस्तारण में शेष न रहे। उन्होंने कहा कि वाद के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता को अनदेखा नहीं किया जाएगा। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में बढ़ती हुई पराली जलाने की घटनाओं में हो रही वृद्धि को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित को निर्देशित किया कि विभागीय अधिकारी पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए भ्रमणशील रहकर चौकसी बरते और पराली जलाने से कृषि भूमि में होने वाली क्षति के संबंध में आमजन को जागरूक करें तथा जिनके द्वारा पराली जलाने का कृत्य किया जा रहा है उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में प्रगति बढ़ाने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद में खाद वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निरीक्षण /निगरानी कार्य के लिए बनाए गए कलस्टर से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने से संबंधित सहकारी समितियों पर उर्वरक की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था को नियमानुसार सुनिश्चित कराये जिससे अन्नदाताओं को आवश्यकतानुसार /नियमानुसार उर्वरक प्राप्त हो सके।
