*नेशनल हाइवे टोल प्लाजा पर अब मिलेगी यूपीआई से भुगतान की सुविधा*
*अजीतमल,औरैया।* नेशनल हाइवे पर संचालन को सुचारु बनाने और टोल प्लाजाओं पर लगने वाली वाहनों की लंबी कतारों को कम करने के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब टोल प्लाजा पर यूपीआई के माध्यम से टोल शुल्क का भुगतान किया जा सकेगा। इसके लिए सभी टोल बूथों पर क्यूआर कोड की व्यवस्था कर दी गई है, जिसे स्कैन करके वाहन चालक तुरंत भुगतान कर सकेंगे।फास्टैग न होने, या फास्टैग के ब्लैकलिस्ट/हॉटलिस्ट होने की स्थिति में अब तक वाहन चालकों को नगद में दोगुना टोल शुल्क देना पड़ता था, जिससे आए दिन टोल पर विवाद और जाम की स्थिति बन जाती थी। यूपीआई सुविधा शुरू होने के बाद चालकों को नगद दोगुना भुगतान से राहत मिलेगी। यूपीआई भुगतान पर फास्टैग शुल्क का मात्र सवा गुना ही देना होगा, यानी नगद दोगुने भुगतान की तुलना में यह विकल्प लगभग पौने गुना सस्ता साबित होगा। अनंतराम टोल प्लाजा के संयुक्त महाप्रबंधक सत्यवीर यादव ने बताया कि 14/15 नवंबर की रात से टोल प्लाजा के सभी बूथों पर यूपीआई सुविधा लागू कर दी गई है। सभी सिस्टम अपडेट कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि फास्टैग ब्लैकलिस्ट या हॉटलिस्ट होने पर वाहन चालकों को अब दोगुना कैश भुगतान से बचने के लिए यूपीआई एक बेहतर विकल्प प्रदान करेगा। नई व्यवस्था से टोल प्लाजा पर भुगतान प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी, तेज़ तथा सुचारु होने की उम्मीद है।
