*आंगनबाड़ी केंद्र पर माता उन्मुखीकरण बैठक संपन्न*
*प्रधानाध्यापक ने दी महत्वपूर्ण जानकारियाँ*
*अजीतमल,औरैया।* विकास खंड अजीतमल के ग्राम पंचायत विलावा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आज माता उन्मुखीकरण कार्यक्रम के तहत एक जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमृत सिंह कठेरिया ने की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित माताओं को बच्चों के सर्वांगीण विकास में माता-पिता की भूमिका पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
प्रधानाध्यापक कठेरिया ने कहा कि बच्चा अपने जीवन की पहली शिक्षा परिवार से ही ग्रहण करता है। इसलिए घर का सकारात्मक माहौल, उचित पोषण, स्वच्छता और समय पर टीकाकरण बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने माताओं को विद्यालय पूर्व शिक्षा, बच्चे की दिनचर्या, संतुलित आहार और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जागरूक किया। बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकत्री उमा कांति, आंगनवाड़ी सहायिका रानी देवी, समूह सखी पूजा, आशा कार्यकर्ता सुनीता सहित कई लाभार्थी माताएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान माताओं से बच्चों से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा कर समाधान के उपाय बताए गए। अंत में आंगनबाड़ी टीम ने सभी माताओं से बच्चों की नियमित देखभाल, पौष्टिक आहार और टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। बैठक सफलतापूर्वक संपन्न होने पर टीम ने सभी प्रतिभागी माताओं का आभार व्यक्त किया।
