*अजीतमल,औरैया।* विकासखंड अजीतमल की ग्राम पंचायत विलावा में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेजी से प्रगति पर है। नियुक्त बीएलओ द्वारा नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के संशोधन एवं मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के विलोपन का कार्य गांव में घर-घर जाकर किया जा रहा है। बीएलओ ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पात्र मतदाताओं का सत्यापन प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति मताधिकार से वंचित न रह जाए। . उन्होंने कहा कि अब तक लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष बचे नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण भी लगातार जारी है। बीएलओ ने ग्रामीणों से अपील की कि जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। वे आधार कार्ड, राशन कार्ड अथवा निवास प्रमाण जैसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ संपर्क करें, ताकि उनका नाम समय रहते शामिल किया जा सके। ग्रामवासियों ने बीएलओ की मेहनत और सक्रियता की सराहना करते हुए पुनरीक्षण अभियान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बीएलओ ने विश्वास जताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।