*बिकूपुर रावतपुर बंबा रोड बेहद जर्जर खस्ताहाल अधिकारी खामोश*
*-ऊबड़-खाबड़ सड़क पर चलना लोगों के लिए हो रहा तकलीफदेह*
*बिधूना,औरैया।* शासन व जिला प्रशासन की उदासीनता के चलते इन दिनों बिकूपुर शिवपुर से दिबियापुर रोड को जोड़ने वाल रावतपुर बंबा रोड बेहद जर्जर खस्ताहाल दशा में पड़ा हुआ है जिसके चलते उक्त मार्ग पर चलना लोगों के लिए बेहद तकलीफदेह साबित हो रहा है। समस्या से पीड़ित लोगों द्वारा उक्त मार्ग की मरम्मत कराई जाने की लगातार आवाज उठाई जा रही है किंतु इसके बावजूद संबंधित अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं जिससे पीड़ित लोगों में नाराजगी भड़क रही है। . बिधूना तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिकूपुर शिवपुर से दिबियापुर रोड को जोड़ने वाला रावतपुर बंबा मार्ग लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते लंबे अर्से से बेहद जर्जर खस्ताहाल दशा में पड़ा हुआ है। हालत यह है कि उक्त सड़क पर बड़े-बड़े खतरनाक गड्ढे हो गए हैं साथ ही गिट्टी बेतरतीब ढंग से बिखरी पड़ी हुई है जिससे इस मार्ग पर चलने में लोगों को भारी तकलीफें में उठानी पड़ रही है। मामूली सी बारिश में भी उक्त सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाता है जिससे लोग फिसल कर अक्सर घायल होते हैं। यही नहीं बिकूपुर, रावतपुर, मडैया, पुर्वा पट्टी, भाईपुर, पुर्वा कमल सिंह, मुर्चा समेत कई गांवों के लोगों को इस खस्ताहाल मार्ग के कारण भारी दिक्कतें उठानी पड़ती है। समस्या से परेशान लोगों द्वारा लगातार उक्त मार्ग की मरम्मत कराई जाने की मांग की जा रही है किंतु इसके बावजूद संबंधित अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं जिससे समस्या से परेशान लोगों में नाराजगी भड़क रही है। पीड़ित लोगों ने जनहित में जल्द उक्त सड़क की मरम्मत कराए जाने की शासन व जिला प्रशासन से पुनः मांग की है।
