*उसराहा में पानी की टंकी का निर्माण पड़ा अधूरा, आखिर कब होगा पूरा*
*टंकी से जलापूर्ति के अभाव में ग्रामीणों को हो रही दिक्कतें*
*बेला,औरैया।* उसराहा गांव में जल जीवन मिशन के तहत वर्ष 2022 से पानी टंकी का शुरू हुआ निर्माण कार्य लगभग साढ़े तीन वर्ष बीतने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। पाइप लाइन में जगह-जगह लीकेज होने से जगह-जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है वहीं अधिकांश नल भी आज तक नहीं लग सके हैं जिससे ग्रामीणों को इस पानी की टंकी का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि टंकी के निर्माण के लिए पाइप लाइन डालने को खोदी गई सड़कों गलियों में लोग गिरकर अक्सर चुटहिल हो रहे हैं। हालांकि इस संबंध में पूछे जाने पर संबंधित अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया है कि पानी की टंकी से सुचारू रूप से जलापूर्ति कराने के लिए कार्य पूरी तेजी पर चल रहा है जल्द जलापूर्ति बहाल करा दी जाएगी। ग्रामीणों से कुछ मामलों में हुए विवाद के चलते बीच में काम रुक गया था लेकिन अब काम सुचारू रूप से चल रहा है।
