*पति व ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप*
*पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार, मामला दर्ज*
*अजीतमल,औरैया।* ग्राम छीता पुर निवासी अरुणा सेंगर (29) पत्नी धीरेन्द्र सिंह चौहान ने अपने पति व ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और बच्चों को छीनने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक औरैया से न्याय की गुहार लगाई है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, अरुणा की शादी 18 अप्रैल 2018 को धीरेन्द्र सिंह चौहान निवासी अकबरपुर डांडा, थाना फफूंद से हुई थी। शादी में पिता ने ₹3.50 लाख नकद, सोने के आभूषण व गृहस्थी का सामान दिया था। विवाह के बाद ससुरालीजनों ने अतिरिक्त ₹1 लाख नकद व सोने की चैन की मांग की, न देने पर उसे प्रताड़ित किया गया। पीड़िता ने बताया कि पति को किसी अन्य महिला के साथ देखने पर विरोध करने पर भी उसके साथ मारपीट की गई। दो बच्चों के जन्म के बाद ससुरालियों ने उसे घर से निकाल दिया और स्त्रीधन व बच्चे छीन लिए। 20 अक्टूबर को बच्चों को लेने गई तो फिर मारपीट कर निकाल दिया गया।थाना अजीतमल में रिपोर्ट न लिखे जाने पर उसने एसपी औरैया से शिकायत की, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्जकर जांच व कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए थे, वही कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
