*बारात के पटाखे से बड़ा हादसा, 11 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल,सैफई रेफर*
*बिधूना,औरैया।* कस्बा क्षेत्र के जवाहर नगर मोहल्ला स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह के दौरान एक दुखद हादसा हो गया। बारात में लाए गए पटाखों में से एक पटाखा घर ले आए 11 वर्षीय किशोर के हाथ में फट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार जवाहर नगर मोहल्ला निवासी घनश्याम का पुत्र अंश (11 वर्ष) बारात के दौरान किसी तरह एक तेज आवाज वाला पटाखा उठा लाया। रात में घर पहुंचने के बाद उसने पटाखा जलाने का प्रयास किया, इसी दौरान पटाखा अचानक उसके हाथ में फट गया। विस्फोट से किशोर का हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं उसकी बहन पलक को भी हल्की चोटें आईं।घटना के बाद परिजन घायल किशोर को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे सैफई लेकर रवाना हुए। कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चा बारात से एक मिस पटाखा उठा लाया था, जिसे घर पर जलाने के दौरान यह हादसा हुआ।
