*संदिग्ध परिस्थितियों में घर से नगदी व जेवरात चोरी,पुलिस जांच में जुटी*
*अजीतमल, औरैया।* कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सोनासी में शनिवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नगदी सहित कीमती जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सोनासी निवासी अजय कुमार उर्फ पिंटू सविता पुत्र स्वर्गीय कृष्ण मुरारी जामनगर में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार में उनकी मां सरोजनी, बेटी अंशिका और बेटा गुड्डू हैं। बताया गया कि कुछ दिन पूर्व अजय की बहन की ससुराल कानपुर में तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी, जिस पर उनकी मां सरोजनी बेटे गुड्डू के साथ कानपुर चली गईं। इस दौरान घर पर अजय की बेटी अंशिका अकेली रह गई थी। अकेलेपन को देखते हुए अंशिका ने परिवार की एक बहन को बुला लिया और दोनों घर के बाहर वाले कमरे में सो गईं। इसी बीच मध्य रात्रि में चोर आंगन के रास्ते घर के भीतर घुस आए और कमरे में रखी आलमारी से नगदी व जेवरात चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर जीने का दरवाजा खोलकर छत के रास्ते फरार हो गए। सुबह जब अंशिका की नींद खुली तो घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार ने बताया कि चोरी की सूचना पर चौकी इंचार्ज अनंतराम को तत्काल मौके पर भेजा गया है। साथ ही क्राइम इंचार्ज रामचंद्र वर्मा को जांच कर विधिक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
